Latest News

शनिवार, 10 अगस्त 2019

कई राज्यों में बाढ़ से आफत, सैकड़ों गाँव डूबे बाढ़ में,अब तक 109 लोगों की मौत।#Public Statement


(पब्लिक स्टेटमेंट न्यूज)10 /08/19 देश के कई हिस्से भारी बारिश के बाद पैदा हुई बाढ़ की स्थिति से जूझ रहे हैं। गुजरात, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और कर्नाटक के सैकड़ों गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए भारतीय सेना और वायुसेना जी-जान से जुटी हुई हैं। केरल और महाराष्ट्र में सबसे खराब स्थिति देखने को मिल रही है।

भारी वर्षा, बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहे केरल और कर्नाटक में शनिवार को भी स्थिति गंभीर बनी रही और दोनों राज्यों में पिछले दो-तीन दिनों में 54 लोगों की मौत हो गयी। वहीं, गुजरात में शुक्रवार शाम से हो रही बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की जान चली गयी। महाराष्ट्र के भी बाढ़ प्रभावित हिस्सों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए बचाव अभियान जारी रहा। राज्य में बाढ की वजह से 12 लोगों की मौत हो गयी है।

केरल में करीब सवा लाख लोग विस्थापित हो गये हैं। बाढ़ और बारिश की सबसे अधिक मार वायनाड और कोझिकोड पर पड़ी है जहां करीब 25-25 हजार लोग बेघर हो गये। राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में अबतक 42 लोगों की जान चली गयी है। आठ जिलों में आठ अगस्त से भूस्खलन की 80 घटनाएं हो चुकी हैं।

केरल की कई ट्रेनें रद्द कर दी गयी हैं। कोच्चि हवाई अड्डे के एक अधिकारी के अनुसार उड़ान संचालन रविवार पूर्वाह्न को बहाल होगा जिसे हवाई अड्डे पर पानी भर जाने से रोक दिया गया था। कर्नाटक में वर्षा जनित घटनाओं में अबतक 12 लोगों की मौत हो गयी है। बेलागवी के अलावा बागलकोट, विजयपुरा, रायचुर, यादगीर, गडग, उत्तर कन्नड़, हावेरी, हुबली-धारवाड़, दक्षिण कन्नड़, चिकमंगलुरु और कोडागु बाढ़ तथा बारिश से प्रभावित जिले हैं। तुंगभद्र नदी के पानी दावणगेरे जिले के कई हिस्से डूब गये और वहां सड़क संपर्क टूट गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें


Created By :- KT Vision