Latest News

सोमवार, 22 जनवरी 2018

#एक ही दिन में दो मर्डर, दिन में वकील तो रात में एमआर की हत्या।



कानपुर(हिमांशु गुप्ता):- कानपुर शहर रविवार को ताबड़तोड़ दो हत्याओं से दहल उठा। दोपहर में परमट चौराहे पर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं देर रात बजरिया में अज्ञात लोगों ने एक एमआर को भून डाला। बीते 72 घंटे में हत्या की पांच वारदातों से पूरे शहर में दहशत का माहौल है।


परमट निवासी वकील सुनील शर्मा (40) रविवार पूर्वाह्न 11:30 बजे पिता मिश्रीलाल के साथ आनंदेश्वर मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। रास्ते में वकील मोहित श्रीवास्तव से उनकी पुराने विवाद पर कहासुनी होने लगी। बात बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी बीच मोहित की पत्नी ऋचा घर से दोनाली बंदूक ले आई और सुनील पर गोली चला दी। एक गोली सुनील की नाक के नीचे जा लगी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद मोहल्ले के लोगों ने मोहित व ऋचा को पीटना शुरू कर दिया। परमट चौकी के सिपाही पहुंचे और भीड़ के चंगुल से दोनों को छुड़ाया। लहूलुहान मोहित को हैलट जबकि ऋचा को पुलिस थाने ले गई। एसएसपी ने लोगों को आश्वासन दिया कि दोषी पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने अपनी मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया

उधर, कागजी मोहाल मस्जिद के पास देर रात छोटा मिया हाता निवासी  मेडिकल रिप्रेजेनटेटिव जहीर अब्बास (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह स्कूटी से बांसमंडी स्थित गरीब नमाज मजार के पास एक निकाह में शामिल होने जा रहा था। इलाकाई लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम के साथ जहीर के घर पर जानकारी दी। देर रात एसपी पश्चिमी ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। जहीर के खिलाफ ग्वालटोली और कर्नलगंज में अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को हुई जानकारी के मुताबिक वह एक बड़े अपराधिक गिरोह का सदस्य रहा है। गिरोह का सरगना वर्तमान में लखनऊ जेल में बंद है।

जहीर के परिवार में पिता माजिद अब्बास के अलावा एक भाई है जो पटना में रहता है। जहीर की पत्नी सलमा दो दिन पहले आजमगढ़ अपने मायके गई हुई है। उसके पिता को कैंसर है और वह लखनऊ में बेटी नीशा के यहां रहकर इलाज करा रहा है। जहीर का भाई पटना में रहता है। जहीर के एक अन्य छोटे भाई शबी की आठ साल पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें


Created By :- KT Vision