Latest News

सोमवार, 7 दिसंबर 2020

किसानों के समर्थन में सड़क पर उतरे सपाई#Public Statement


(पब्लिक स्टेटेमेंंट न्यूज ) 07/12/2020 कानपुर देहात. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसान आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया था। इसी क्रम में कन्नौज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को आना था। कन्नौज से लखनऊ तक पूरे मार्ग को सील कर दिया गया था और सपाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसी को लेकर सपाईयों में रोष दिखाई पड़ा। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर समूचे जनपद में समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं को विरोध प्रदर्शन करना था। सपाईयों को भारी पुलिस बल ने गिरफ्तार कर अस्थाई जेल में बंद कर दिया। इसी दरमियान पुलिस और सपाइयों में तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई। जनपद के रसूलाबाद कस्बे में पूर्व विधायक कमलेश चंद्र दिवाकर, पूर्व राष्ट्रीय सचिव आलोक रत्न यादव, विधानसभा प्रभारी हाजी फैजान खान की अगुवाई में मुख्य चौराहा से किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए मनकी भवनपुर के लिए पैदल मार्च निकलना था लेकिन पुलिस प्रशासन को इस बात की भनक लग गई तो रास्ते में ही सपाइयों को गिरफ्तार कर अस्थाई जेल में बंद कर दिया और पूरे दिन सपाईयों को नजरबंद किए रहे। पूर्व विधायक कमलेश दिवाकर ने कहा कि सरकार की मनमानी नहीं चलेगी। सरकार किसान विरोधी है आने वाले चुनाव में जनता इनको सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार किसानों के तीन ऐसे विधेयक लाई जिससे किसानों का नुकसान है। किसानों की मांग है कि हम जहां हैं वहीं खुश हैं। यह नया किसान विरोधी विधेयक थोपा जा रहा है। नए विधेयक में किसानों का पूरी तरह से अहित है। जब तक किसान बिल वापस नहीं लिया जाएगा। तब तक समाजवादी पार्टी संघर्ष करती रहेगी और सड़कों पर रहेगी। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व राष्ट्रीय सचिव आलोक रत्न यादव ने कहा कि अपने हक़ों के लिए किसान आज सड़कों पर है। खुद को किसान हितैषी बनाने वाली भाजपा सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली है। किसानों को ऊपर ठंडे पानी की बारिश की गई। उनके ऊपर आंसू गैस के गोले छोड़े गए। जो सरकार किसानों का खून बहाये वह सरकार किसानों के हित वाली कैसे हो सकती है। वहीं समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व रसूलाबाद विधानसभा प्रभारी सपा नेता हाजी फैजान खान ने कहा कि भाजपा सरकार मनमानी पर आमादा है। उसको किसानों की हित की कोई फिक्र नहीं। जब से प्रदेश व केंद्र में भाजपा की सरकार आई किसान बेबसी की जिंदगी जी रहा है। उसे उपज का सही मूल्य नहीं मिल रहा। धान खरीद केंद्रों में दलाल सक्रिय हैं। किसान की धान नहीं खरीदी जाती बल्कि बिचौलिए अपनी धानों को बेच रहे हैं। सपा नेता एडवोकेट भरत शर्मा ने कहा कि  प्रदेश व केंद्र की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है। जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है। किसान विरोधी भाजपा सरकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर प्रमुख रूप से शिव मूर्ति सिंह राना, विधानसभा अध्यक्ष नत्थू सिंह यादव, समाजसेवी संजय सिंह चौहान,  एडवोकेट भरत शर्मा, मनीष कुमार, सनी गौतम,नरेश यादव,जिला कोषाध्यक्ष गोपाल गुप्ता, अप्पे शुक्ला, पूर्व सभासद हाशिम खान, सोहेल अहमद, ओम श्रीवास्तव, धीरज यादव,सचिन यादव सहित सैकड़ों सपाई मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें


Created By :- KT Vision